Punjab Flood News: 23 जिलों में बाढ़ का कहर, सीएम ने हर गांव में अधिकारी नियुक्त किए

punjab flood news 23 districts cm appointed officers

Punjab Flood News: पंजाब में भारी बारिश और नदियों के उफान के चलते बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। हालात से निपटने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के हर गांव में एक गजटेड अधिकारी की नियुक्ति की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि ये अधिकारी सीधे प्रभावित लोगों से संपर्क करेंगे और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करेंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने वाले थे, लेकिन उनकी तबीयत अचानक बिगड़ जाने के कारण कार्यक्रम टालना पड़ा। लेकिन पूरे पंजाब में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 23 जिलो में जनजीवन प्रभावित हुआ है।

अमृतसर, गुरदासपुर और फिरोजपुर सबसे ज्यादा प्रभावित

अमृतसर, गुरदासपुर और फिरोजपुर जिलों में रावी और सतलुज नदियों का पानी लगातार बढ़ रहा है। अमृतसर जिले के 140 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। लुधियाना में सतलुज नदी ने ससराली बांध का एक हिस्सा तोड़ दिया, जिसके बाद सेना ने राहत कार्य संभाला।

फिरोजपुर में पल्ला मेघा गांव के पास सतलुज का पानी सीमापार पाकिस्तान तक चला गया है। वहां का एक गांव और पुलिस चौकी भी जलमग्न हो गई है। तटबंध टूटने का खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच पठानकोट में एनएच-44 से जुड़ी सड़क तेज बहाव में बह गई, जिससे हाईवे पर गहरी दरारें पड़ गईं। रोपड़ जिले में पहाड़ी कटाव से एक ऐतिहासिक गुरुद्वारे को भी नुकसान पहुंचा है।

पंजाब में बाढ़ और बारिश की गंभीर स्थिति पर सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने तीन हफ्तों के भीतर राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। चीफ जस्टिस ने सुनवाई के दौरान कहा कि उन्होंने पहले कभी ऐसी बारिश और बाढ़ नहीं देखी।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का दौरा

राज्य की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब पहुंचे। वे प्रभावित गांवों में जाकर किसानों और स्थानीय लोगों से मिल रहे हैं। चौहान ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हर संभव मदद करेगी और किसानों की फसल का नुकसान दर्ज कर मुआवजा दिया जाएगा।

बाढ़ से पंजाब की मौजूदा स्थिति

बरनाला, बठिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, फाजिल्का, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पठानकोट, पटियाला, रूपनगर, नवांशहर, मोहाली, संगरूर और मुक्तसर समेत 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं।

कुल 1655 गांवों में पानी भर चुका है। अकेले अमृतसर के 390 गांव और गुरदासपुर के 324 गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। लुधियाना के 216, कपूरथला के 178 और मानसा के 114 गांव भी पूरी तरह डूब गए हैं।

बाढ़ का असर अब तक 3,55,709 से ज्यादा लोगों पर पड़ा है। अमृतसर में 1.75 लाख और गुरदासपुर में 1.45 लाख लोग संकट में हैं। फाजिल्का, कपूरथला और मोगा के हजारों लोग भी प्रभावित हुए हैं।

अभी तक 12 जिलों में 37 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा मौतें जालंधर में हुई हैं, जहां 9 लोग जान गंवा बैठे। होशियारपुर में 7 और बरनाला में 5 लोगों की मौत दर्ज की गई है। पठानकोट जिले से तीन लोग लापता बताए जा रहे हैं।

अब तक 19,474 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। सबसे ज्यादा रेस्क्यू कपूरथला जिले में हुआ है, जहां से 5615 लोगों को बचाया गया। अमृतसर से 2734 और जालंधर से 1428 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

राज्यभर में 167 राहत शिविर सक्रिय हैं, जहां फिलहाल 1557 लोग रह रहे हैं। अमृतसर में 381 और फरीदकोट में 796 लोगों को शरण दी गई है। शिविरों में भोजन, पानी और दवाइयों की व्यवस्था की गई है, हालांकि कई जगह जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।

पंजाब में अब तक 1,75,286 हेक्टेयर फसल बाढ़ की चपेट में आई है। मानसा जिले में सबसे ज्यादा 26,027 हेक्टेयर फसल खराब हुई है। इसके अलावा फिरोजपुर, गुरदासपुर और जालंधर की फसलें भी भारी नुकसान झेल रही हैं।

पंजाब में NDRF की 22 टीमें तैनात हैं। पठानकोट, अमृतसर, फिरोजपुर, बठिंडा, कपूरथला और रूपनगर में विशेष रूप से टीमें काम कर रही हैं। सेना ने पठानकोट, गुरदासपुर और जालंधर में मोर्चा संभाल लिया है। वायुसेना और नौसेना के 30 से ज्यादा हेलिकॉप्टर और विमान राहत सामग्री पहुंचाने और रेस्क्यू के काम में लगे हुए हैं।

बीएसएफ की 85 टीमें जमीनी स्तर पर बचाव कार्य कर रही हैं। राज्य बलों ने 137 नावें तैनात की हैं और पंजाब सरकार का हेलिकॉप्टर भी सेवा में लगाया गया है।

Punjab Flood News: डैमों की स्थिति

पोंग डैम: गुरुवार सुबह पोंग डैम का जलस्तर 1394.51 फीट दर्ज किया गया। डैम से करीब 91 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
भाखड़ा डैम: भाखड़ा डैम का जलस्तर 1678.97 फीट पहुंच गया है। यहां से 73,459 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
हरिके हेडवर्क्स: हरिके हेडवर्क्स का जलस्तर 687.15 फीट है। यहां से अधिकांश पानी डाउनस्ट्रीम की ओर छोड़ा जा रहा है।

पंजाब में बाढ़ के कारण सैकड़ों गांवों का संपर्क टूट गया है। हजारों घरों में पानी घुस गया है। जनहानि और पशुधन का बड़ा नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसलें चौपट हो गई हैं। कई जिलों में बिजली और संचार सेवाएं प्रभावित हैं।

Read More