Tarn Taran By Election 2025: पंजाब की राजनीति में तरनतारन उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान करते हुए पूर्व विधायक हरमीत सिंह संधू को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया।
यह सीट जून 2025 में AAP विधायक कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हुई थी। निर्वाचन आयोग ने अभी उपचुनाव (Tarn Taran By Election 2025) की तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन AAP ने पहले ही अपने उम्मीदवार का नाम सामने रखकर चुनावी बिगुल बजा दिया है।
CM भगवंत मान ने किया ऐलान, तरनतारन की जनता की यही पसंद
तरनतारन में आयोजित एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि संधू इलाके के ईमानदार और जनता के बीच लोकप्रिय नेता हैं।
ਹਲਕਾ ਤਰਨਤਾਰਨ ਦੀ ਜ਼ਿਮਨੀ ਚੋਣ ਲਈ ਇਲਾਕੇ ਦੇ ਇਮਾਨਦਾਰ ਅਤੇ ਲੋਕਾਂ ਦੀ ਪਸੰਦ ਹਰਮੀਤ ਸੰਧੂ ਨੂੰ ਉਮੀਦਵਾਰ ਐਲਾਨਿਆ। ਤੁਸੀਂ ਹਰਮੀਤ ਸੰਧੂ ਨੂੰ ਜਿਤਾ ਕੇ ਵਿਧਾਨਸਭਾ ਭੇਜੋ, ਅਸੀਂ ਹਲਕੇ ਦੇ ਵਿਕਾਸ ਕਾਰਜਾਂ ਦੀ ਰਫ਼ਤਾਰ ਦੁੱਗਣੀ ਕਰ ਦੇਵਾਂਗੇ।
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) October 3, 2025
—
हलका तरनतारन की उपचुनाव के लिए इलाके के ईमानदार और लोगों की पसंद हरमीत संधू को… pic.twitter.com/uBd6xvh5Jx
मान ने कहा कि हलका तरनतारन की उपचुनाव (Tarn Taran By Election 2025) के लिए इलाके के ईमानदार और लोगों की पसंद हरमीत संधू को उम्मीदवार घोषित किया गया है। आप उन्हें जिताकर विधानसभा भेजिए, हम क्षेत्र के विकास कार्यों की रफ्तार दोगुनी कर देंगे।
यह घोषणा होते ही सभा में मौजूद समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी और तालियों से संधू का स्वागत किया।
कौन हैं हरमीत सिंह संधू?
हरमीत सिंह संधू पंजाब की राजनीति का जाना-माना चेहरा हैं। वह लंबे समय से तरनतारन की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और इस सीट से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं।
हरमीत सिंह संधू ने 2002 में पहली बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 2007 और 2012 में वह शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर विधानसभा पहुंचे।
2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में किस्मत आजमाई लेकिन हार का सामना करना पड़ा। जुलाई 2025 में उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थामा। राजनीति में संधू को एक अनुभवी और स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ वाले नेता के तौर पर जाना जाता है।
2022 का चुनावी गणित, जब हुई थी कांटे की टक्कर
2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में तरनतारन सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। AAP के कश्मीर सिंह सोहल को 52,935 वोट (40.45%) मिले और उन्होंने जीत दर्ज की।
जबकि हरमीत सिंह संधू को 39,347 वोट (30.06%) मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी धरमबीर अग्निहोत्री को 26,535 वोट (20.28%) मिले।
इस परिणाम से साफ है कि संधू उस वक्त दूसरे नंबर पर रहे थे और उनका वोट बैंक काफी मजबूत है। यही वजह है कि AAP ने उपचुनाव (Tarn Taran By Election 2025) में संधू पर भरोसा जताया है।
Also Read
- पंजाब में स्वास्थ्य कार्ड योजना की शुरुआत 23 सितंबर से, मिलेगा 10 लाख तक का मुफ्त इलाज
- महिलाओं को कब मिलेंगे 1100 रुपए महीना, कार्यकाल खत्म होने को, अब भी सिर्फ ऐलान
- Kangana Ranaut को बठिंडा कोर्ट से झटका: वीडियो कॉन्फ्रेंस की अर्जी खारिज, इस दिना होना पड़ेगा अदालत में पेश
क्यों अहम है तरनतारन सीट?
तरनतारन विधानसभा सीट पंजाब की राजनीति में खास महत्व रखती है। तरनतारन पाकिस्तान सीमा से जुड़ा हुआ है, इसलिए यहां की राजनीति पर सुरक्षा, विकास और रोजगार जैसे मुद्दों का गहरा असर पड़ता है।

तरनतारन सीट लंबे समय तक अकाली दल के कब्जे में रही, लेकिन 2022 में AAP ने इसे जीतकर अपनी ताकत दिखाई थी। इस उपचुनाव (Tarn Taran By Election 2025) का नतीजा यह बताएगा कि जनता अब भी AAP के साथ है या विपक्ष इस मौके को अपने हक में बदल पाता है।
विपक्षी पार्टियों की रणनीति
भले ही अभी कांग्रेस और अकाली दल ने अपने उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि दोनों पार्टियां इस सीट पर अपनी पकड़ मजबूत करने की पूरी कोशिश करेंगी।
कांग्रेस 2022 में तीसरे स्थान पर रही थी, लेकिन इस बार वह वोटरों को साधने के लिए स्थानीय चेहरा मैदान में उतार सकती है। वहीं अकाली दल के लिए तरनतारन सीट (Tarn Taran By Election 2025) परंपरागत गढ़ मानी जाती रही है। ऐसे में अकाली दल पूरी ताकत झोंकने से पीछे नहीं हटेगा।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि तीन बार के विधायक हरमीत सिंह संधू का AAP उम्मीदवार बनना विपक्ष के लिए बड़ी चुनौती है।
विकास का वादा , दोगुनी रफ्तार से होंगे काम
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभा में कहा कि तरनतारन के लिए कई विकास परियोजनाओं को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है। खासकर ग्रामीण सड़कों, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर फोकस रहेगा।
मान ने दावा किया कि यदि AAP को जनता का समर्थन मिला, तो अगले कुछ वर्षों में तरनतारन रोजगार और बुनियादी ढांचे के मामले में अग्रणी जिलों में शामिल होगा।










