पीएम मोदी का देश के नाम संबोधन: 22 सितंबर से शुरू होगा GST बचत उत्सव, कांग्रेस ने बोला हमला

PM Modi Speech

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश के नाम संबोधन दिया और ऐलान किया कि 22 सितंबर की सुबह से जीएसटी बचत उत्सव (GST Savings Festival) शुरू होगा। पीएम ने कहा कि इसका फायदा हर वर्ग को मिलेगा और जनता से अपील की कि वे देश में बने स्वदेशी उत्पादों को खरीदें।

मोदी ने अपने 20 मिनट के भाषण में नेक्स्ट जनरेशन GST, आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और स्वदेशी आंदोलन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों से गरीब, मध्यम वर्ग, MSME और देश की अर्थव्यवस्था को डबल फायदा होगा।

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा- “नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। 8 साल तक गब्बर सिंह टैक्स से ₹55 लाख करोड़ वसूले और अब 2.5 लाख करोड़ रुपए के बचत उत्सव का ढोंग कर रहे हैं।”

पीएम मोदी के संबोधन की 5 बड़ी बातें

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कल से देश में नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी लागू हो रहा है। इसे उन्होंने “GST बचत उत्सव” नाम दिया। 22 सितंबर से आपकी बचत बढ़ेगी और रोजमर्रा के सामान सस्ते होंगे। टीवी, फ्रिज, बाइक, स्कूटर और घर बनाने की लागत कम होगी।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पहले दिन से देश आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहा है।

मोदी ने याद दिलाया कि 2014 से पहले देश में टैक्स की जटिलताओं के कारण बिजनेस महंगा होता था। एक शहर से दूसरे शहर सामान ले जाना महंगा पड़ता था और इसका बोझ गरीबों पर आता था। हमने राज्यों और उद्योग जगत से चर्चा कर ‘वन नेशन, वन टैक्स’ का सपना पूरा किया।

PM Modi Speech
PM Modi Speech

मोदी ने दावा किया कि पिछले 11 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। मध्यम वर्ग को इनकम टैक्स में छूट दी गई। अब GST कटौती से गरीबों को घर, वाहन और रोजमर्रा की चीजें सस्ती मिलेंगी। पर्यटन और घूमने-फिरने पर भी खर्च घटेगा।

मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ MSME सेक्टर है। नई जीएसटी दरों से छोटे उद्योगों पर टैक्स का बोझ घटेगा। नियम और प्रक्रिया सरल होंगी। उनकी बिक्री बढ़ेगी और उत्पादन क्षमता में इजाफा होगा। जब भारत तरक्की के शिखर पर था, तब उसका आधार MSME ही थे। हमें वह गौरव फिर से पाना है। भारत में बने सामान दुनिया में बेस्ट होने चाहिए।

GST Impact on Two-Wheelers: टैक्स कटौती से ये बाइक होगी सस्ती, जानिए क्या होगी कीमत

पीएम ने राज्यों से अपील की कि वे निवेश को बढ़ावा दें और मैन्युफैक्चरिंग को गति दें। हर घर स्वदेशी का प्रतीक बने, हर दुकान स्वदेशी से सजे। गर्व से कहो- मैं स्वदेशी खरीदता हूं और बेचता हूं। यही आत्मनिर्भर भारत की ताकत है। मोदी ने कहा कि आजादी के आंदोलन में जैसे स्वदेशी मंत्र ने ताकत दी थी, वैसे ही भारत की समृद्धि भी स्वदेशी से आएगी।

कांग्रेस का पीएम मोदी पर पलटवार

मोदी के भाषण के तुरंत बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 9 टैक्स स्लैब बनाकर जनता को परेशान किया। 8 साल में 55 लाख करोड़ रुपए टैक्स वसूला गया। अब 2.5 लाख करोड़ के बचत उत्सव की बात करना केवल ढोंग है।

कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार ने उनकी सरल और कुशल GST को दरकिनार कर जनता पर भारी बोझ डाला।

जीएसटी बचत से जनता पर असर

इस नए GST सुधार और बचत उत्सव से रोजमर्रा की चीजें सस्ती होंगी। मिडिल क्लास और गरीबों को राहत मिलेगी। छोटे उद्योगों की ग्रोथ तेज होगी। घरेलू प्रोडक्शन और स्वदेशी सामान की मांग बढ़ेगी।

आर्थिक विशेषज्ञों का कहना है कि यह कदम चुनावी साल में सरकार की बड़ी रणनीति भी हो सकता है।